सनसनीखेज वारदातः बहु ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी के लालच में करा दी ससुर की हत्या, बना दिया कातिल, ससुर की हत्या के लिए 5 लाख में शूटरों से किया सौदा, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने 28 जून को हुए एक बुजुर्ग की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा किया है। हत्या कराने का आरोप बुजुर्ग की बहू पर लगा है। पुलिस का दावा है कि इंजीनियर पति की मौत के बाद बहू शालिनी ने ससुराल की एक करोड़ की संपत्ति पर कब्जा कर लिया था। लेकिन उसका लालच बढ़ता जा रहा था। वह कुल 40 बीघा जमीन में से आधा हिस्सा ससुर से मांग रही थी। लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। इसलिए शालिनी ने 5 लाख रुपए की सुपारी देकर शूटरों से ससुर की हत्या करा दी। पुलिस ने इस मामले में शालिनी और उसके परिवार के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि शूटरों की तलाश की जा रही है।
2014 में हुई थी शालिनी की शादी
मवाना थाना क्षेत्र के ततीना गांव निवासी सत्यपाल सिंह (60) संपन्न किसान थे। उनके दो बेटे थे, दोनों ही सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। बड़े बेटे संजीव (32 साल) की 2014 में बागपत के पाली गांव निवासी भोपाल की पुत्री शालिनी (30) से हुई थी। शालिनी खुद B.Sc पास है। दोनों के 4 साल का बेटा और 2 साल की बेटी है। शालिनी पति के साथ दिल्ली में रह रही थी। 2018 में संजीव की हार्टअटैक से मौत हो गई। यहीं से शालिनी की नियत ससुराल की संपत्ति पर आ टिकी।
शालिनी अपने मायके के लोगों के साथ मिलकर संजीव के छोटे भाई यानी अपने देवर से शादी के लिए दबाव बनाने लगी। लेकिन ससुर सत्यपाल और ससुराल के अन्य लोगों को यह रास नहीं आया। इसके बाद शालिनी ससुराल को छोड़कर अपने बच्चों के साथ मायके में रहने लगी। पति की मौत पर 35 लाख रुपए का जो इंश्योरेंस मिला, वह भी शालिनी ने अपना हक जताते हुए ले लिया। उसके बाद पति का लोनी में प्लॉट भी शालिनी ने मायके पक्ष के साथ मिलकर बेच दिया। पति और ससुराल द्वारा दिए गए सारे गहने और अन्य कैश भी ले लिया। करीब 1 करोड़ की संपत्ति शालिनी अपनी ससुराल से ले चुकी थी।
इसके बाद शालिनी लगातार अपने ससुर पर दबाव बनाने लगी कि पति के हिस्से की 20 बीघे जमीन मेरे नाम करा दीजिए। इसको लेकर मेरठ के ततीना गांव में पंचायत भी हुई। इसमें किसान सत्यपाल सिंह ने साफ कह दिया कि 1 करोड़ रुपए की संपत्ति शालिनी हमसे ले चुकी है। जमीन मैं जिंदा रहते हुए शालिनी के नाम नहीं करूंगा। 40 बीघा जमीन अपने छोटे बेटे के नाम ही करूंगा। लेकिन शालिनी 40 बीघा जमीन में से 20 बीघा जमीन अपने नाम कराना चाहती थी। बाद में पंचायत में यह तय हुआ कि ससुर सत्यपाल सिंह अपनी पुत्रवधू शालिनी के लिए प्रति वर्ष 80 हजार रुपए का खर्चा देता रहेगा। इस पर सत्यपाल सिंह सहमत भी हो गए।
शालिनी ने ससुर सत्यपाल की हत्या कराई
28 जून 2021 को मेरठ के ततीना गांव में दिन निकलते ही किसान सत्यपाल सिंह की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। 17 जुलाई की शाम पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। जहां केस की जांच CO मवाना उदय प्रताप व इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राठौर कर रहे थे। पुलिस ने किसान सत्यपाल सिंह की हत्या के मामले में पुत्रवधू शालिनी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें शालिनी का पिता भोपाल व भाई ललित भी शामिल थे। इंस्पेक्टर मवाना धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि शालिनी ने ही 5 लाख रुपए की सुपारी देकर शूटर हायर किए थे